संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर (मेरठ)। प्रतिबंधित लकड़ी अवैध रूप से काटकर ले जाते समय वन विभाग की टीम ने प्रतिबंधित लकड़ी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हस्तिनापुर वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि सोमवार को मध्य गंग नहर की पटरी पर लुकाधड़ी पुल के समीप वन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका और तलाशी ली। ट्राॅली में अवैध रूप से काटी गई लकड़ी लदी मिली। मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार मोहम्मद उस्मान, अंजार, इस्तकार, नौशाद एवं अशफाक निवासी बेहड़ा सादात, थाना ककरौली, जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा लकड़ी से संबंधित कोई वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। आरोपियों ने अवैध रूप से वृक्ष काटने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव गेसूपुर, तहसील मवाना में नाले के किनारे खड़े वृक्षों को रात के अंधेरे में काटा गया। वन विभाग की टीम ने उक्त आरोपियों से बरामद ट्रैक्टर-ट्रॉली लकड़ी सहित हस्तिनापुर वन रेंज परिसर में सुरक्षित रूप लाकर सीज किया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम समाज की भूमि से काटी गई थी प्रतिबंधित लकड़ी
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार वृक्ष कटान का स्थल नाले के किनारे स्थित है, जो सामान्यत: ग्राम समाज, राजस्व भूमि की श्रेणी में आता है। उपजिलाधिकारी मवाना से सिजरा, खसरा एवं खतौनी अभिलेखों के आधार पर स्वामित्व निर्धारण के लिए पत्राचार किया गया है, ताकि प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।