दौराला में पुत्र होने की खुशी में दोस्तों संग फायरिंग की, तीन गिरफ्तार
मेरठ/दौराला। बेटा होने की खुशी में एक युवक ने दोस्तों संग ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग की। जिसका वीडियो सोशल साइट पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया। मामला दौराला थाना क्षेत्र के नंगली गांव का है।
कुशेंद्र के घर बेटे ने जन्म लिया। बीती 27 मई को घर पर कुआं पूजन का कार्यक्रम था। जिसमें कुशेंद्र के दोस्त नंगला राठी निवासी सागर, बहादुरगढ़ निवासी अंकित, छोटू उर्फ नितिन व दो अन्य भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। कुशेंद्र ने दोस्तों के साथ घर के बाहर जमकर फायरिंग की और उसका वीडियो भी बनाया, जिसे सोशल मीडिया पर डाला। शुक्रवार को यह वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने दौराला थानाक्षेत्र के नंगली गांव का वीडियो होने की जानकारी मिलने पर मामले की जांच शुरू की। जांच में युवकों के नाम प्रकाश में आने के बाद दादरी चौकी इंचार्ज रतनलाल शर्मा ने युवकों के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन व हर्ष फायरिंग का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए बहादुरगढ़ निवासी नितिन उर्फ छोटू, अंकित और शोकेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। सीओ जितेंद्र सरगम का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
डीजीपी तक पहुंचा मामला, पुलिस में खलबली
मेरठ में ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग करते युवकों का वीडियो लखनऊ तक पहुंच गया। डीजीपी ने इस मामले में तुरंत संज्ञान लेकर मेरठ पुलिस से जांच करने को कहा। हर्ष फायरिंग करते युवकों का वीडियो देखकर ऐसे लगा था जैसे जंगलराज हो गया। डीजीपी की फटकार के बाद मेरठ पुलिस की नींद टूटी। पुलिस ने जांच की और तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
सपा नेता और उसका बेटा अभी भी फरार
हर्ष फायरिंग के मामले में नामजद सपा नेता मुकेश सिद्धार्थ और उसका बेटा हिमांशु सिद्धार्थ अभी भी फरार चल रहे हैं। हिमांशु की शादी में एक विवाह मंडप में दोनों पिता-पुत्र ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थी। जिसका वीडियो वायरल हुआ था। यह मामला लालकुर्ती थाने में दर्ज है। पुलिस पिता-पुत्र को चार महीने बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसके अलावा चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी में छात्र नेता ने गाड़ी में बैठकर पिस्टल के साथ टिकटॉक पर वीडियो वायरल किया था। इसमें भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की।
एसएसपी अजय कुमार साहनी का कहना है कि दौराला में हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया व तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। हर्ष फायरिंग के मामले में सपा नेता व उसके बेटे की भी तलाश जारी है।