पांच दिन पहले चंदपुरा में तीन लोगों पर फायरिंग-पथराव करने का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। पांच दिन पहले रविवार को क्षेत्र के गांव चंदपुरा में एक व्यक्ति ने गांव के ही तीन लोगों पर मकान पर पथराव व फायरिंग का आरोप लगाते हुए प्राथमिक की दर्ज कराई थी। दूसरे पक्ष ने एसएसपी से मिलकर मामले को झूठा बताते हुए व्यक्ति द्वारा उधार ली छह लाख की रकम न चुकाने की एवज में षड्यंत्र कर झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर एसपी देहात घटना की जांच कर रहे हैं।
करीब पांच दिन पहले गांव चंदपुरा निवासी हरवीर सिंह ने गांव के ही प्रदीप, करण व राजेंद्र को नामजद कराते हुए पथराव व फायरिंग के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को दूसरे पक्ष से राजेंद्र ने एसएसपी को शिकायत देते हुए बताया कि हरबीर व उसका बेटा सुनील कस्बा खरखौदा में परचून की दुकान चलाते थे। सुनील व उसके पिता हरवीर का उससे 2023 से लेनदेन चल रहा है। हरवीर पर उसके छह लाख रुपये उधार हैं। पीड़ित ने जब गांव में ही कुछ कृषि भूमि खरीदी तो सुनील से अपने उधार दी रकम लौटाने की मांग की थी।
आरोप है कि जब सुनील ने पिता हरवीर से जमीन बेचकर उनका उधार चुकाने की बात कही तो पिता ने इन्कार कर दिया था। इसे लेकर 2024 में सुनील ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। सुनील के परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही बेटे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। कुछ लोगों के बीच दिसंबर 2025 में हरवीर ने पीड़ित का पैसा वापस देने का वादा किया।
आरोप है कि हरवीर ने षड्यंत्र कर पीड़ित व उनके परिजनों के खिलाफ फायरिंग का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। राजेंद्र के अनुसार उसके मकान पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस जांच करे। एसएसपी ने मामले की जांच एसपी देहात को सौंपी है।