- मवाना बस स्टैंड के पास ढाबे में खाना खाने गए थे बाइक सवार दो युवक
- नशे में दिखने पर होटल मालिक ने किया खाना खिलाने से मना तो चला दी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। कस्बे में मवाना बस स्टैंड के पास स्थित एक ढाबा संचालक द्वारा खाना खिलाने से मना करने पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। जिससे वह बाल-बाल बचा। गोली चलते ही बाजार में भगदड़ मच गई। इसके बाद बाइक सवार दोनों युवक तमंचा लहराते हुए गढ़ मार्ग की ओर भाग गए। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पुलिस का कहना है कि ढाबे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शीघ्र आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
कस्बा शाहजहांपुर निवासी चांद ने तहरीर देते हुए बताया कि उसका मवाना बस स्टैंड के पास हल हबीब मुस्लिम होटल नाम से ढाबा है। शुक्रवार रात करीब पौने नौ बजे ढाबे पर ग्राहकों की भीड़ लगी थी, जिसमें महिलाएं भी ढाबे पर खाना खा रही थीं। तभी बाइक सवार दो युवक आए और उससे खाना खिलाने के लिए कहा। आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में लग रहे थे, जिसके चलते उसने भीड़ होने की बात कहते हुए खाना देने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद दोनों युवकों ने तमंचे निकालकर उस पर गोली चला दी। जिससे वह बाल-बाल बचा। गोली चलते ही बाजार में भगदड़ मच गई। लोगों ने शोर मचाया तो दोनों युवक गढ़ मार्ग की ओर बाइक से भाग गए।
सीओ किठौर रामप्रकाश का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।