- रोहटा में पुलिस की दबिश, बरामद पटाखे कब्जे में लेकर दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। बाड़म संपर्क मार्ग स्थित एक मकान में रविवार सुबह पुलिस ने दबिश देकर बोरों में भरे पटाखे बरामद किए। मकान के एक कमरे में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे मिलने पर पुलिस ने उन्हें कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मकान मालिक शाबू को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
रविवार सुबह रोहटा थाना पुलिस बाड़म संपर्क मार्ग स्थित शाबू के मकान पर पहुंची। पुलिस टीम ने मकान में तलाशी ली तो एक कमरे में बोरों के अंदर पटाखे भरे मिले। पुलिस ने मकान मालिक को हिरासत में लेकर पटाखों के संबंध में पूछताछ की। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और मकान में उनका भंडारण करने के लिए नियमानुसार अनुमति ली गई थी या नहीं। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद पटाखों की मात्रा और भंडारण से संबंधित अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।