गांव सरधना देहात में एक हेक्टेयर भूमि फायर स्टेशन के निर्माण के लिए चिह्नित की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सरधना तहसील में एक नई अग्निशमन इकाई (फायर स्टेशन) की स्थापना की जाएगी। गांव सरधना देहात में एक हेक्टेयर भूमि फायर स्टेशन के निर्माण के लिए चिह्नित की गई है।
भूमि प्रबंधक समिति द्वारा इस स्थान को अग्निशमन केंद्र के लिए उपयुक्त मानते हुए प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बाद उप जिलाधिकारी ने प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया, जिसमें भूमि को निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया। अब अग्निशमन केंद्र की स्थापना के लिए अगला कदम भूमि को अग्निशमन विभाग के नाम खतौनी (भू-अभिलेख) में दर्ज कराना है।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने इस संबंध में पुनः आग्रह करते हुए जिलास्तरीय अधिकारियों से अनुरोध किया है कि भूमि के स्वामित्व को अग्निशमन विभाग के नाम पर दर्ज करने की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए। प्रक्रिया पूरी होते ही अग्निशमन विभाग की ओर से लखनऊ मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी, जिससे फायर स्टेशन निर्माण के लिए अगली कार्रवाई शुरू हो सके।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए संबंधित खसरा, खतौनी, सिजरा व नजरी नक्शा, भूमि तक पहुंच मार्ग की स्थिति, न्यायालय में कोई लंबित वाद संबंधित जानकारी, भूमि किसी जोत का हिस्सा तो नहीं, तथा भूमि के अधिग्रहण से किसी धार्मिक या सामाजिक तनाव की आशंका तो नहीं है। इन सब बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। फायर स्टेशन की संभावित स्थापना को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों में उत्साह है।
लंबे समय से क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों में तत्काल सहायता न मिलने के कारण लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ता था। पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी, ऐनूदीन शाह, रमनदीप चौधरी, पंकज जैन आदि का कहना है कि यदि यह फायर स्टेशन स्थापित हो जाता है तो सरधना कस्बा और आसपास के दर्जनों गांवों को राहत मिलेगी और जन-संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। जैसे ही खतौनी में विभागीय नामांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होगी, अग्निशमन विभाग निर्माण कार्य के लिए लखनऊ मुख्यालय से स्वीकृति एवं बजट के लिए औपचारिक प्रस्ताव भेजेगा। इससे परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।