मेरठ में दिल्ली रोड पर बिजली बंबा बाईपास स्थित सुपरटेक पाम ग्रीन सोसाइटी के जेनरेटर में मंगलवार हो आग लग गई थी। तार जलने से बिजली व्यवस्था चौपट हो गई थी। करीब 500 परिवारों के लोग परेशान हो गए।
सुपरटेक पामग्रीन सोसाइटी में मंगलवार सुबह शॉर्ट सर्किट के चलते जनरेटर में आग लग गई थी। इस कारण सोसाइटी में 20 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। गर्मी के चलते लोगों का बुरा हाल हो गया था। मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे नोएडा से किराए पर मंगाए गए जनरेटर से विद्युत आपूर्ति को बहाल किया जा सका। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जनरेटर में आग लगने की वजह से 85 लाख रुपए का नुकसान हो गया।
विज्ञापन
परतापुर थाना क्षेत्र के बिजली बंबा बाईपास से लगी सुपरटेक पामग्रीन सोसाइटी 500 परिवार रहते हैं। इसके डी-ब्लॉक के पीछे जनरेटर रखे हुए हैं। मंगलवार सुबह जनरेटर में तेज धमाके के साथ आग लग गई थी। इस दौरान सोसाइटी के लोग फ्लैट से निकलकर बाहर की तरफ भागे। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।
आग लगने की वजह से सोसाइटी की बिजली गुल हो गई थी। 20 घंटे तक बिजली गुल रहने से बच्चे, बुजुर्ग व महिलाओं का हाल बेहाल हो गया था। सोसाइटी के मेंटिनेंस मैनेजर हरवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल विद्युत आपूर्ति को चालू करा दिया गया है। वहीं अन्य समस्याओं का समाधान जल्द करा दिया जाएगा।
जनरेटर चलने से 85 लाख का हुआ नुकसान
सोसाइटी के हेड मैनेजर हरबीर कुमार ने बताया कि जनरेटर पूरी तरह से जल चुका है। जनरेटर के साथ ही एलटी लाइन भी जल गई। जिससे 85 लाख रुपये का नुकसान हो गया। वहीं जनरेटर में मौजूद 700 लीटर तेल भी बर्बाद हो गया। सोसाइटी में 250 से अधिक अग्निशमन यंत्र हैं, जो साढ़े छह किग्रा से नौ किग्रा तक हैं। मंगलवार को भी 11 अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया था।
विद्युत सप्लाई चालू, पर नहीं है बैकअप
नोएडा से जनरेटर किराए पर मंगाकर सोसाइटी की बिजली व्यवस्था तो चालू कर दी गई है, लेकिन सोसाइटी के पास बिजली जाने के बाद बैकअप की व्यवस्था नहीं है। क्योंकि मुख्य लाइन को जनरेटर से नहीं जोड़ा गया है। हरवीर सिंह का कहना है कि बुधवार तक बिजली व्यवस्था को पूरी तरह सही कर दिया जाएगा।