हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव सराय खादर के समीप बूढ़ी गंगा के जंगल में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक आग पर काबू पाया गया।
गांव सराय खादर के समीप सरदार सुब्बा सिंह के दर के समीप वन अभ्यारण्य क्षेत्र में बूढ़ी गंगा के जंगल में शुक्रवार को अचानक आग लग गई। तेज हवा चलने के कारण आग ने धीरे-धीरे विकलांग रूप धारण कर लिया और आग कब्जे से बाहर हो गई। स्थानीय लोग बूढ़ी गंगा के जंगल से बड़ी लपटों को देखकर भयभीत हो गए। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 112 और वन विभाग की टीम को सूचना दी। पुलिस, दमकल विभाग और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना संभव नहीं था, परंतु शाम के समय हवा शांत हुई तो उसके बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। करीब 20 बीघा जंगल में खड़े झुंड फुंक गए।
क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि आग की सूचना पर टीम को मौके पर भेजा गया। जिसमें कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।