ग्निशमन सेवा सप्ताह पर दमकल कर्मी लोगों को जागरुक करते हुए। (मवाना)
मवाना। अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत दमकल कर्मियों ने नगर में जागरुकता रैली निकाली। उन्होंने लोगों को आग से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।
रैली फायर ब्रिगेड स्टेशन से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए रोडवेज अड्डे पर समाप्त हुई। कर्मियों ने आग लगने पर सतर्कता बरतने का संदेश दिया। नागरिकों से घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपकरण रखने की अपील की। लीडिंग फायरमैन प्रेमपाल सिंह ने गैस सिलिंडर, बिजली उपकरणों और ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग में सावधानी बरतने को कहा। आग लगने पर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित करने और प्राथमिक उपाय अपनाने की सलाह दी। रैली से पूर्व फायर स्टेशन पर अग्नि शमन सेवा दिवस मनाया गया। इस दौरान 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह दुर्घटना में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई।
नागरिकों को कटे-फटे बिजली के तार तुरंत बदलवाने चाहिए। एक ही बोर्ड पर एक से अधिक उपकरण न चलाएं। माचिस और ज्वलनशील वस्तुएं बच्चों की पहुंच से दूर रखें। गैस सिलिंडर में लीकेज होने पर बिजली के स्विच को चालू बंद न करें और सिलिंडर को तुरंत बाहर ले जाएं। ट्रैक्टर के साइलेंसर में चिंगारी रोधक यंत्र लगाकर सूखी फसल की मड़ाई करें। रैली में अरविंद राणा, कांस्टेबल फायरमैन सचिन कुमार, भोपाल सिंह, रंजीत सिंह, जितेंद्र सिंह, मोहम्मद फारूक, हेमंत कुमार, अंकित कुमार, बबलू कुमार और राजीव कुमार सहित अन्य दमकल कर्मचारी उपस्थित रहे।