संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना । मेरठ-बिजनौर हाईवे पर निलोहा फलावदा कट के पास सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से भैंसा बुग्गी रेस लगाने और गाड़ियों-मोटर साइकिलों से जानलेवा स्टंटबाजी करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस चौकी मवाना खुर्द पर तैनात उपनिरीक्षक विकास सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि 22 अगस्त की शाम करीब 5.20 बजे सूचना मिली कि निलोहा फलावदा कट पर भैंसा बुग्गी दौड़ होने वाली है, जिसके कारण रोड जाम हो गया है। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि एक भैंसा बुग्गी के आगे सफेद रंग की कार और पीछे करीब 200 से 250 मोटरसाइकिल सवार युवक चल रहे थे, जिनमें से कई ने चेहरे ढक रखे थे। पुलिस द्वारा काफी समझाने और मना करने के बावजूद बिना किसी अनुमति के अत्यधिक तेज गति व लापरवाही से भैंसा बुग्गी को दौड़ाया गया। इस दौरान बुग्गी के आगे चल रही कार से कुछ अज्ञात युवक बाहर निकलकर वीडियो बना रहे थे और आसपास चल रहे बाइक सवार खतरनाक तरीके से अनियंत्रित होकर वाहन चला रहे थे, जिससे हाईवे पर आमजन व राहगीरों के जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया और यातायात व्यवस्था बाधित हुई।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि उपनिरीक्षक विकास सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात भैंसा बुग्गी चालक, कार चालक और अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नीरज कुमार को सौंपी गई है।