- 350 क्विंटल चावल से भरा ट्रक पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नानू पुलिस चौकी पर पकड़े गए करीब 350 क्विंटल चावल से लदे ट्रक के मामले में पूर्ति विभाग की जांच के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में हापुड़ निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र के अलावा राजेंद्र, मनोज गर्ग और ट्रक मालिक शामिल हैं। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्ति निरीक्षक दिनेश चंद्रा के मुताबिक, 14 सितंबर की देर रात नानू पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान ट्रक पकड़ा गया था। ट्रक में प्लास्टिक के कट्टों में चावल भरा हुआ था। अगले दिन क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी नीरज कुमार और पूर्ति लिपिक विकास कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। जांच में ट्रक में करीब 650 कट्टे और लगभग 350 क्विंटल चावल मिला।
पूछताछ में ट्रक चालक सुरेंद्र ने बताया कि वह हापुड़ मंडी से चावल लेकर हरियाणा स्थित एक मिल के लिए जा रहा था। पूर्ति विभाग के अनुसार, मौके पर चावल से संबंधित वैध अभिलेख नहीं मिले। चालक ने चावल को मनोज गर्ग का बताया। जांच के दौरान पूर्ति विभाग ने प्रथम दृष्टया चावल की अवैध खरीद-फरोख्त कर निजी प्लास्टिक कट्टों में रिपैकिंग या रिबैगिंग किए जाने और उसे कालाबाजारी के लिए ले जाने की आशंका जताई। बरामद चावल को उचित दर विक्रेता सुभाषचंद की सुपुर्दगी में दिया गया है, जबकि ट्रक पुलिस की सुपुर्दगी में है। पूर्ति विभाग की ओर से जिलाधिकारी की अनुमति और संयुक्त निदेशक अभियोजन से विधिक राय लेने के बाद 18 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराने की अनुमति मिली। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।