- एनएच-58 पर गांव कनौड़ा के पास बस ने खड़े ट्रक में मारी थी टक्कर, चालक की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। मेरठ-देहरादून हाईवे पर कनौड़ा गांव के पास रोडवेज बस और ट्रक की भिड़ंत में महिला परिचालक की मौत के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसे के चार दिन बाद मिली तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शामली जिले के गांव कासमपुर निवासी मृतका पूर्वा के भाई शुभम ने दौराला थाने पर दर्ज प्राथमिकी में बताया कि छह नवंबर को रोडवेज बस हरिद्वार से मेरठ आ रही थी। कनौड़ा के पास बस चालक अमरपाल ने तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में बस के आगे की तरफ बैठी 22 वर्षीय महिला परिचालक की मौत हो गई थी। दो यात्री भी घायल हुए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और बस चालक की लापरवाही की जांच के साथ पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।