नोट- इस खबर से संबंधित खबर-चालक गिरफ्तार पहले भेजी गई है, उसे इस खबर में बॉक्स बना ले
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। हापुड़-किठौर मार्ग पर शाफियाबाद लोटी में सड़क हादसे में मारे गए युवक राजू के शव को एम्बुलेंस में रखकर जाम लगाने और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वे फरार मिले।
मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव शाफियाबाद लोटी निवासी राजू की सोमवार को सड़क पार करते समय वैगनआर कार की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई थी। शाम को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही एम्बुलेंस से शव शाफियाबाद लोटी पहुंचा, कुछ लोगों ने एम्बुलेंस को सड़क के बीच खड़ा कर जाम लगा दिया। मौके पर तैनात दरोगा संगम सिंह और पुलिसकर्मियों ने मृतक के परिजनों को ढाढ़स बंधाया और सरकारी अनुदान राशि दिलाने का भरोसा दिया। इस पर हिमांशु अधाना, कपिल, अभिषेक और योगेश उग्र हो गए। चारों आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिस ने आरोप लगाया कि इन आरोपियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भीड़ को भड़काने के लिए उत्तेजक भाषण दिए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया था। बाद में सीओ ने मौके पर जाकर स्थिति को नियंत्रित किया था।
सीओ किठौर राम प्रकाश ने बताया कि इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चारों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
-