संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। शिवनगर में महिला की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया। पति ने उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पल्लवपुरम पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी परंतु वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
बताते चलें कि मवाना थाना क्षेत्र के ग्राम कूड़ी कमालपुर निवासी निशा शर्मा ने मोदीपुरम निवासी सोनू से कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद दोनों शिवनगर में किराये के मकान में रहते लगे। बीते सोमवार को पड़ोसी बच्चों ने महिला के गले में फंदा देख शोर मचाया। इस पर एकत्र भीड़ ने पुलिस को जानकारी दी थी। पुलिस ने महिला को एंबुलेंस की सहायता से निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में पति पर शक जाहिर किया जा रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस मामले में बुधवार को नया मोड़ आ गया और पति सोनू ने महिला के प्रेमी अनुज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि शादी के बाद महिला का अपने गांव के ही अनुज से प्रेम संबंध हो गया था। वह महिला से मिलने आता था। थाना पुलिस के अनुसार अनुज की तलाश में दबिश जारी है। हालांकि उसका सुराग नहीं लग सका है।