मेरठ। बिजली बंबा बाईपास पर चार दिसंबर को हुई दुर्घटना में वृद्ध दंपती की मौत के मामले में कार चालक के खिलाफ लोहियानगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। दंपती के बेटे ने आरोप लगाया कि लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण उनके माता पिता की मौत हुई। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरु कर दी है।
हापुड़ के तगा सराय निवासी हिमांशु त्यागी ने बताया कि चार दिसंबर 25 को उनके पिता मुकेश त्यागी व मां अनीता त्यागी मेरठ में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात में वह कार से हापुड़ लौट रहे थे। बिजली बंबा बाईपास पर पेट्रोल पंप के पास चालक हरिओम ने लापरवाही व तेजी से गाड़ी चलाई। इससे कार बिजली के खंभे से टकरा गई। इसमें उनकी मां व पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मां अनीता त्यागी की मौत हो गई। पिता को गंभीर हालत में वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया। 6 दिसंबर को उपचार के दौरान ही उनकी भी मौत हो गई। लोहियानगर पुलिस आरोपी हरिओम की तलाश कर रही है।