जानीखुर्द। गांव पेपला में प्रेमी युगल की गोली लगने से हुई मौत की घटना में पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने जल्द ही मौके से बरामद तमंचा, शुभम के फिंगर प्रिंट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट फॉरेंसिक लैब भेजने की बात कही है। घटना के खुलासे के लिए हिरासत में लिए गये शिक्षक को छोड़ दिया गया है।
जानी थानाक्षेत्र के पेपला गांव निवासी नागेश के घर के कमरे में रविवार को उनकी पुत्री साक्षी व गांव के ही शुभम पुत्र देवेंद्र गोली लगे मिले थे। शुभम की कनपटी व साक्षी के सीने में गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक, शुभम और साक्षी के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वेलेंटाइन-डे के दो दिन बाद शुभम ने वारदात की प्लानिंग की थी। उसे शक था कि साक्षी एक अध्यापक से बात करती है। इससे नाराज शुभम ने साक्षी के सीने में गोली मारने के बाद खुद की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस घटना में अपनी तरफ से आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। जानी थानाध्यक्ष राजेश कंबोज के अनुसार मौके से बरामद तमंचा, कारतूस, शुभम के फिंगर प्रिंट और शुभम व साक्षी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी जाएगी। हिरासत में लिये गये अध्यापक को छोड़ दिया गया है। अध्यापक के खिलाफ हत्या करने को लेकर कोई सबूत नहीं मिले हैं।