कैंट बोर्ड अध्यक्ष मेजर जनरल केएम सिंह के निर्देश पर
वेस्ट एंड रोड पर लगने वाले जाम की समस्या का समाधान तलाश जा रहा है। सीईओ राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रिंसिपलों, ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के साथ बुधवार को दूसरे दौरा की बैठक होगी। 22 अप्रैल को पहले दौर की बैठक में सीईओ ने कैंट बोर्ड द्वारा बनाए गए प्लान को सभी प्रिंसिपलों से साझा किया था।
प्लान की कॉपी भी प्रिंसिपलों को दी गई थी। बुधवार को प्रधानाचार्य छात्रों की संख्या और प्लान के बारे में सुझाव देंगे। बैठक में प्रिंसिपलों के साथ बोर्ड सदस्यों, रोड सेफ्टी क्लब के सदस्य और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी हिस्सा लेंगे।
40 से 50 वॉलेंटियर संभालेंगे व्यवस्था
वेस्ट एंड रोड पर स्कूल खुलने और बंद होने के समय 40 से 50 वॉलेंटियर लगेंगे, जो कैंट बोर्ड, स्कूल और सेफ्टी क्लब के सदस्य होंगे।
कैंट बोर्ड ने स्कूलों से मांगी ये जानकारी
- स्कूल में दोपहिया वाहनों से आने वाले छात्रों की संख्या।
- स्कूली बस से कितने छात्र आते हैं?
- निजी वाहन और अभिभावक कितने बच्चों को छोड़ने आते हैं?
- टेंपो से कितने छात्र आते हैं?
- पैदल आने वाले छात्रों की संख्या कितनी है?
- शिक्षक और प्रिंसिपल किस वाहन से आते हैं?
जाम में फंसे बच्चे, लगा जाम
वेस्ट एंड रोड पर मंगलवार को भी जाम लगा। स्कूल की छुट्टी के समय बच्चे जाम में फंस गए। अभिभावक कार लेकर स्कूल के गेट पर पहुंच गए थे, जिस कारण जाम लगा। स्कूल स्टाफ ने व्यवस्था बनाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।