आज से भरें संस्थागत-व्यक्तिगत परीक्षा फॉर्म
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्घ कॉलेजों में वार्षिक प्रणाली के संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षा फॉर्म शुक्रवार से 20 मार्च तक भरे जाएंगे। व्यक्तिगत परीक्षा फॉर्म में तीन कॉलेजों का विकल्प भरा जाना है। ऑनलाइन फीस जमा करने के बाद कॉलेज का अलॉटमेंट होगा। गर्ल्स कॉलेजों में सिर्फ लड़कियां ही आवेदन करें।
रजिस्ट्रार धीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि संस्थागत में बीए-बीएससी-बीकॉम, बीएससी फिजिकल एजुकेशन हेल्थ एंड स्पोर्ट्स की मुख्य परीक्षा और व्यक्तिगत में बीए-बीकॉम और एमए-एमकॉम कोर्सों में परीक्षा फार्म भरे जाएंगे। फार्मों का प्रिंट आउट कॉलेजों में जमा करने की अंतिम तिथि 22 मार्च है। कॉलेजों द्वारा फार्म विवि में जमा करने की अंतिम तिथि 24 मार्च है। इसमें मुख्य परीक्षा के साथ बैक और भूतपूर्व छात्रों के फॉर्म भी शामिल हैं।
तीन कॉलेजों का भरें विकल्प
व्यक्तिगत परीक्षा फार्म में सबसे पहले नाम, कोर्स, योग्यता भरे जाने के साथ फोटो अपलोड करना होगा। इसके बाद तीन कॉलेजों का विकल्प भरना है। इसके बाद फॉर्म सब्मिट करने पर रजिस्ट्रेशन नंबर मिलेगा। इसके बाद ऑनलाइन फीस जमा होगी और कॉलेज का अलॉटमेंट होगा। सरकारी और एडेड कॉलेजों में अगर प्राइवेट में सीटें फुल हो जाती हैं तो फिर सेल्फ फाइनेंस कॉलेज का अलॉटमेंट किया जाएगा।
अन्य बोर्ड के लिए निवास प्रमाण पत्र अनिवार्य
उत्तर प्रदेश बोर्ड के बाहर से 12वीं की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को निवास प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने की स्थिति में 55 सौ रुपये शुल्क जमा करना होगा। ये नियम प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं पर ही लागू होगा। इसके अलावा प्रोविजनल (माइग्रेशन) प्रमाण पत्र लगाना जरूरी है। परीक्षा फार्म भरे जाने के संबंध में विवि की वेबसाइट पर पूरी गाइड लाइन जारी की गई है।
सेमेस्टर में छूटे प्रश्न पत्रों की बैक परीक्षा छह मार्च से
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में प्रोफेशनल कोर्सों की बैक परीक्षाएं पांच फरवरी से चल रही हैं। इसमें कुछ प्रश्न पत्रों की परीक्षा नहीं हुई है। इनकी बैक परीक्षा एक मार्च से होंगी। पूरी जानकारी विवि की वेबसाइट से ली जा सकती है।
अब एक मार्च से होंगी एमएससी की मुख्य परीक्षाएं
मेरठ। 25 फरवरी से शुरू होने वाली ट्रेडिशनल और प्रोफेशनल कोर्सों की मुख्य परीक्षाएं अब एक मार्च से होंगी। इसमें एमएससी के विद्यार्थियों ने कुछ दिन इनकी तिथि हटाने की मांग की थी। जिस पर विवि ने एमएससी, एमएससी होम साइंस और एमएससी एजी की परीक्षाएं हटाकर एक मार्च से कर दी हैं। इनका परीक्षा कार्यक्रम विवि की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।