फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: कार के बकाए किराए के चक्कर में पुलिस को दी लूट की झूठी सूचना

विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस ने कार को बरामद करके सूचना देने वाले को हिरासत में लिया
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। कार किराए पर देकर फंसे एक युवक को अपने पैसे और गाड़ी वापस पाने का कोई रास्ता नहीं सूझा, तो उसने पुलिस को ही गुमराह कर दिया। मेरठ-बागपत हाईवे पर स्कॉर्पियो लूट की फर्जी सूचना से तीन थानों कंकरखेड़ा, जानी और बागपत पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि, पुलिस ने जीपीएस लोकेशन के आधार पर कार को बागपत के ढिकौली गांव से बरामद कर लिया। कड़ाई से पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया, जिसके बाद पुलिस अब झूठी सूचना देने वाले कार मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव नंगला साहू निवासी जहीर अब्बास ने 20 अक्टूबर को अपनी स्कॉर्पियो कार कंकरखेड़ा निवासी अपने दोस्त मुकमबिन को चार हजार रुपये प्रतिदिन के किराये पर चलाने के लिए दी थी। जहीर का आरोप है कि समय बीत जाने के बाद भी मुकमबिन ने न तो कार का किराया दिया और न ही मांगने पर गाड़ी वापस की। वह लगातार एक-दो दिन में वापस करने की बात कहकर टालमटोल करता रहा।
विज्ञापन

दोस्त के रवैये से परेशान होकर जहीर ने बुधवार सुबह डायल-112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि मेरठ-बागपत मार्ग पर कुराली के पास बदमाशों ने उसकी स्कॉर्पियो लूट ली है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि गाड़ी में जीपीएस लगा है, जिसकी वर्तमान लोकेशन बागपत जिले के ढिकौली गांव में आ रही है। लूट की सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा, जानी और बागपत पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और गाड़ी की तलाश में जुट गई।
जानी पुलिस की सूचना पर बागपत पुलिस ने ढिकौली गांव की घेराबंदी कर कार को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद जानी पुलिस गाड़ी और कार मालिक को थाने ले आई। थाने में जब पुलिस ने जहीर से घटना के संबंध में पूछताछ की, तो वह अपने बयानों से मुकरने लगा। वह कभी लूट की घटना कंकरखेड़ा क्षेत्र में तो कभी मेरठ-बागपत बाईपास पर होने की बात कहने लगा।
विज्ञापन

बयानों में विरोधाभास देखकर पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो जहीर ने सच उगल दिया और स्वीकार किया कि उसने कार वापस पाने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को लूट की झूठी सूचना देकर गुमराह करने के मामले में कार मालिक जहीर के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें