जैन मुनि से जुड़े वीडियो वायरल प्रकरण और एमटेक की छात्रा के अपहरण मामले ने तूल पकड़ लिया है। 28 जुलाई को हरिद्वार जिले के एक इंजीनियरिंग कॉलेज से लापता हुई खतौली निवासी छात्रा के पिता ने बहादराबाद थाने में जैन मुनि उपाध्याय नयन सागर महाराज के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों को आशंका है कि उनकी बेटी के साथ अनहोनी हो सकती है। साथ ही उनके परिवार पर जान का खतरा है। उन्होंने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में उन्हीं की बेटी है।
खतौली के एक मोहल्ला निवासी छात्रा करीब छह दिनों से उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में दिल्ली रोड पर स्थित शैक्षणिक संस्थान से 28 जुलाई से गायब है। बेटी के लापता होने की सूचना पर परिजनों ने उसकी तलाश की, मगर उसका पता नहीं चला। 31 जुलाई को बहादराबाद थाने में छात्रा के पिता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में जैन मुनि नयन सागर पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाया गया है। एमटेक की छात्रा के मामले में जैन मुनि का नाम आने के बाद जैन समाज में खलबली मच गई है। इसी बीच वायरल हुए वीडियो में भी जैन मुनि के साथ लापता छात्रा दिखाई दे रही है।