सरधना। बहादरपुर गांव में शनिवार दोपहर किराना की दुकान से सामान की उधारी के रुपये मांगने को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी डंडे व धारदार हथियार भी चले। घटना में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
विकास पुत्र ओमपाल किराना की दुकान करता है। आरोप है कि सुंदर पुत्र सुभाष पर सामान के ढाई हजार रुपये उधार हैं। रुपये मांगने पर धमकी देता है। शनिवार दोपहर विकास ने सुंदर से रुपयों का तगादा किया। आरोप है कि सुंदर ने व उसके परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट देख विकास के परिवार के लोग भी पहुंच गए। इस बीच दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में अनुज व विकास पुत्र ओमपाल वहीं, दूसरे पक्ष से सुंदर पुत्र सुभाष, सुभाष पुत्र रूपचंद, अनुज पुत्र ओमबीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिये सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, अनुज के पेट में चाकू लगने पर उसे गंभीर चोट आई। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।