दौराला - एसबीआई के अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं को वितरित की साइकिल। स्रोत : स्व
दौराला। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की दौराला मिल बाजार शाखा ने शनिवार को कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधि के तहत क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों के प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान छात्राओं को साइकिलें भी वितरित की गईं।
शाखा प्रबंधक कुमकुम और सहायक साक्षी पंवार के नेतृत्व में बैंक कर्मियों की टीम ने टांडी, चरला और रसूलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालयों में वाटर कूलर, पंखे और बेंच उपलब्ध कराए। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने बैंक अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शाखा प्रबंधक कुमकुम ने बताया कि सामाजिक सरोकार के तहत विद्यालयों में बच्चों की सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। शिक्षकों ने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान काफी लाभ मिलेगा और छात्राओं को साइकिल मिलने से विद्यालय आने-जाने में भी आसानी होगी।