बीपीईएस और बीएससी योग में पंजीकरण बंद, अब पीजी डिप्लोमा कोर्स में ही होंगे
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए शनिवार तक कुल 387 आवेदकों ने पंजीकरण कराया है। अब विवि प्रशासन की ओर से बीपीईएस और बीएससी योग आदि में पंजीकरण बंद कर दिए गए हैं। केवल आवेदन अब पीजी डिप्लोमा कोर्स में 11 अगस्त तक पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए विवि प्रशासन की ओर से शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथि की भी घोषणा कर दी गई है।
खेल विवि की ओर से बीपीईएस (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) में 50 सीटों पर, बीएससी योग (बैचलर ऑफ साइंस इन योगा ) में 40 सीटों पर, एमएससी योग (मास्टर ऑफ साइंस इन योगा) में 20 सीटों पर और डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में 15 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। बीपीईएस तीन वर्ष के लिए, बीएससी योग तीन वर्ष, एमएससी इन योग दो वर्ष और डिप्लोमा कोर्स एक वर्ष के लिए होगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग में प्रशिक्षण कराया जाएगा। इन सभी प्रशिक्षण कोर्स में भी 15-15 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। खेल विवि के रजिस्ट्रार सुनील कुमार झा ने बताया कि शनिवार तक इन सभी कोर्स में विवि प्रशासन को 387 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब प्रशासन की ओर से बीपीईएस, बीएससी योग व एमएससी योग की शारीरिक परीक्षा की तैयारी की जा रही है। इनकी शारीरिक परीक्षा 13 से 18 अगस्त तक चौधरी चरण सिंह विवि के खेल मैदान में होगी। पीजी डिप्लोमा कोर्स के लिए लिखित परीक्षा 24 अगस्त को मोदीपुरम स्थित कृषि विवि के खेल विवि के कार्यालय में होगी। वहीं शारीरिक परीक्षा 25 और 26 अगस्त को चौधरी चरण सिंह विवि के खेल मैदान में होगी।