फलावदा। प्रेम प्रसंग के चलते घर से फरार हुए प्रेमी युगल ने शादी कर ली। प्रेमिका ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर ऑनर किलिंग की आशंका जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
कस्बे की एक लड़की का पड़ोस के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम जब परवान चढ़ा तो दोनों ने घर की दहलीज लांघ दी। दोनों ने 16 मार्च को शादी कर ली। कुछ दिन कस्बे से बाहर रहने के बाद प्रेमी युगल कस्बे में आकर रहने लगा। प्रेम विवाह रचाने वाली लड़की ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर अपने परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने आरोप लगाया कि 24 मई को उसके भाई व चचेरे भाई ने उसके पति को 15 दिनों में जान से मारने की धमकी दी है। धमकी से भयभीत होकर युवती ने ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। उसने बताया कि उसे अपनी व पति की जान का खतरा बना हुआ है। आरोप है कि विपक्षियों ने उसके ससुर के साथ बृहस्पतिवार को बेवजह मारपीट की। पीड़िता ने एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है। सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।