जिला अस्पताल में पर्चा काउंटर पर नहीं रही कतारें
बवाल का डर, मरीजों पर भी रहा असर
मेरठ। बवाल के बाद पहले शुक्रवार को सरकारी अस्पतालों में इसका असर दिखाई दिया। लोगों ने एहतियातन अस्पतालों से दूरी बनाए रखी। तीनों सरकारी अस्पतालों में जहां प्रतिदिन चार से पांच हजार मरीज आते थे, वहां करीब ढाई हजार मरीज ही पहुंचे।
शुक्रवार सुबह से ही जिला अस्पताल में गिनती के मरीज पहुंच रहे थे। पर्चा काउंटर पर चंद लोग थे। दवा काउंटर भी खाली था। ओपीडी में करीब 900 मरीज ही पहुंचे, जबकि ओपीडी औसतन 1500 के आसपास रहती है। वहीं, महिला जिला अस्पताल में ओपीडी में 250 से ज्यादा महिला मरीज हर रोज आती हैं, लेकिन शुक्रवार को यह संख्या महज 100 रही। इनके अलावा मेडिकल कॉलेज में भी ओपीडी और दवा काउंटर पर मरीज बेहद कम दिखाई दिए।। मेडिकल में दो दवा काउंटर हैं, एक तो बिल्कुल खाली था, जबकि दूसरे पर कुछ ही मरीज थे। यहां ओपीडी में 1500 मरीज पहुंचे, जबकि यहां सामान्य तौर पर ओपीडी तीन हजार से ज्यादा रहती है। पिछले शुक्रवार को यहां करीब ढाई हजार मरीज पहुंचे थे।