- पत्नी पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप, पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। रतौली गांव में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है। युवक का आरोप है कि पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों से उसकी जान को खतरा है। उसने हत्या कराए जाने की आशंका भी जताई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पत्नी समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ससुराल में रहने को तैयार नहीं है। वह आए दिन किसी न किसी बहाने से मायके चली जाती है। आरोप है कि तीन नवंबर को उसने पत्नी से ससुराल में ही रहने के लिए कहा तो वह नाराज हो गई। इस दौरान पत्नी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। उसने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। युवक का आरोप है कि पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। उसे आशंका है कि आरोपी उसकी हत्या करा सकते हैं। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही पुलिस से सुरक्षा की मांग की। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पत्नी समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।