संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गढ़ रोड पर सिसौली स्थित फ्रेंड्स क्रिकेट एकेडमी में चल रहे जूनियर एफसीएल सीजन-1 का फाइनल एफसीए सुपर किंग्स और एफसीए रॉयल्स के बीच खेला। इसमें एफसीए सुपर किंग्स ने मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। एफसीए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 20 ओवर में छह विकेट खोकर 185 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसमें हर्ष ने 41, पर्व ने 38, प्रतीक ने 27 और शुभंकर ने 24 रनों का योगदान दिया।
एफसीए रॉयल्स की ओर से आदित्य ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एफसीए रॉयल्स की पूरी टीम 17.4 ओवर में 137 पर सिमट गई। इसमेंं अंश यादव ने 44 और हर्षित ने 37 रन का योगदान दिया। एफसीए सुपर किंग्स की ओर से प्रतीक और रुद्र ने तीन-तीन और रिया ने दो विकेट लिए। 27 रन और तीन विकेट लेने वाले प्रतीक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के बेस्ट बैट्समैन प्रिंस ठाकुर, बेस्ट बॉलर रिया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट आर्यन ठाकुर रहे। इस मौके पर कोच चेतन मौजूद रहे।