गेम सिटी एरेना में मैच के बाद खिलाड़ी और मैच से पूर्व हाथ मिलाते खिलाड़ी
- गेम सिटी एरेना में हुई अंडर 14 क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरूआत
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना क्रिकेट मैदान में बुधवार को आठवें अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरूआत हुई। पहला मैच जीसीए और एफसीए की टीम के बीच हुआ। इसमें एफसीए ने आठ विकेट से जीत प्राप्त की। प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग ले रही हैं। प्रत्येक ग्रुप में दो शीर्ष टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
बुधवार को हुए मैच में एफसीए क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी गेम सिटी एरेना जीसीए की टीम ने निर्धारित 40 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। टीम की ओर से अमीष त्यागी ने 64 गेंदों में शानदार 69 रन बनाए। रिया भाटी ने 68 गेंदों में 58 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। एफसीए की ओर से शांतनु ने तीन विकेट और प्रिंस तोमर ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एफसीए क्रिकेट एकेडमी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 38.4 ओवर में दो विकेट खोकर 211 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया। इसमें प्रतीक तोमर ने 108 गेंद में 107 रन की बेहतरीन पारी खेली। आरती चौधरी ने 59 गेंदों में 38 रन बनाए। जीसीए की ओर कार्तिक को एक विकेट लिया। प्रतीक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने दोनों टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का अगला मुकाबला दो अप्रैल एफसीए क्रिकेट एकेडमी और एएस क्रिकेट एकेडमी के बीच होगा।