- मंगलवार को घटनास्थल से लेकर गांव तक के सीसीटीवी फुटेज किए चेक
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र के पावली खास गांव निवासी रमन उर्फ बंटी की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता ने सड़क हादसे की कहानी पर सवाल उठाते हुए बेटे के तीन दोस्तों पर षड़यंत्र रचकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कंकरखेड़ा थाने पहुंचकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की। मंगलवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर घटनास्थल से लेकर गांव तक के सीसीटीवी फुटेज चेक किया। बुधवार को पुलिस तीनों युवकों से पूछताछ करेगी।
पावली खास निवासी रमन उर्फ बंटी पुत्र ओमवीर ने हाल ही में इंटरमीडिएट पास किया था और अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार, 23 जून की रात रमन अपने गांव के विवेक, आयुष और अमन के साथ बाइक से किसी काम से जाने की बात कहकर निकला था।
बताया गया कि देर रात खिर्वा फ्लाईओवर के पास पेट्रोल पंप की ओर जाते समय उनकी बाइक की एक पिकअप वाहन से टक्कर हो गई, जिसमें चारों युवक घायल हो गए। हादसे में रमन को सबसे गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए कहा, लेकिन युवकों ने खुद उपचार कराने की बात कहकर वहां से चले गए।
मृतक के पिता का आरोप है कि हादसे के बाद तीनों दोस्तों ने रमन की गंभीर हालत की जानकारी परिवार को नहीं दी। उनका कहना है कि पहले वे रमन को इधर-उधर लेकर घूमते रहे और बाद में मोदीपुरम स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सीधे गांव ले जाया गया। पिता का सवाल है कि यदि यह केवल सड़क हादसा था तो परिजनों को तुरंत सूचना क्यों नहीं दी गई।
ओमवीर ने कंकरखेड़ा थाने पहुंचकर तीनों युवकों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि बेटे की मौत सिर्फ हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित षड़यंत्र का परिणाम है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है, क्योंकि हादसे में अन्य तीन युवक भी घायल हुए थे। हालांकि, मृतक के पिता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
-