सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी कला में ईंट विवाद को लेकर आरोपियों ने साकिब व उसके पिता साजिद के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में पिता-पुत्र घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी इब्राहिम, राशिद, कासिम व अहमद के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
साकिब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार की शाम करीब पांच बजे उसके पिता साजिद का गांव निवासी इस्माइल से ईंटों को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान इब्राहिम ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वह अपने परिजनों को लेकर मौके पर पहुंच गया और साजिद के साथ मारपीट करने लगा। पिता को बचाने पहुंचे साकिब को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी घर में घुसकर भी मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। इसके बाद घायल अवस्था में पीड़ित थाने पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि प्राथमिकी की दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-