- बेटे और ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर हमला करने का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। जमीन अपने बेटे और पुत्रवधू के नाम नहीं करने पर बुजुर्ग के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बेटे, पुत्रवधू और बेटे की ससुराल पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना मवाना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, चिकित्सीय परीक्षण कराने और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
मोहल्ला हीरालाल सैनी धर्मशाला के निकट रहने वाले निरंजन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर में सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनका बेटा अपनी पत्नी, साढ़ू, साला, ससुर और सास समेत अन्य लोगों के साथ उनके कमरे में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पत्नी और छोटी बेटी को दूसरे कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी।
पीड़ित के अनुसार, कमरे में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद बेटे ने डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट में उनके हाथ की हड्डी टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। उनके पैर से खून बहने लगा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने जमीन उसके बेटे और उसकी पत्नी के नाम करने का दबाव बना रहे थे। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
निरंजन के मुताबिक, शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी धमकी देकर चले गए। पीड़ित ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब 10:30 बजे डायल 112 पुलिस को दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी और रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह देकर चली गई थी। पीड़ित ने थाना प्रभारी से मामले में कार्रवाई करने और सुरक्षा दिलाने की मांग की है।