मेरठ - दिल्ली से बिना बताए स्कूल के बाद मेरठ के मवाना नगर में आए कक्षा 4 के छात्र थाने में। (मवाना)
- फोटो : MAWANA
पिता, भाई पिटाई करते हैं इस लिए दिल्ली से भाग आए कक्षा चार के छात्र
मवाना। दिल्ली बदरपुर के जैथपुर स्थित एक स्कूल में कक्षा चार में पढ़ने वाले दो छात्र रोडवेज बस से मवाना पहुंच गए। चालक को शक होने पर दोनों बच्चों को पुलिस के हवाले कर दिया। छात्रों के मुताबिक पिता, भाई पिटाई करते हैं इस लिए घर छोड़र आ गए। पुलिस ने छात्रों के परिजनों को जानकारी दी है।
मवाना थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद के मुताबिक एक रोडवेज बस चालक दो बच्चों को थाने लेकर पहुंचा। पूछताछ में बच्चों ने अपना नाम अनमोल पुत्र सुजाता मेहतो और अमित पुत्र गंगाराम बताया। कहा कि वह दिल्ली के बदरपुर जैथपुर स्थित ओपीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा 4 में पढ़ते हैं। अमित ने बताया कि उसके दोस्त अनमोल ने उससे कहा कि पिता और भाई तुझे मारते हैं इस लिए घर छोड़कर भाग चलते हैं। मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी होने पर वह घर जाने की बजाये ऑटो से आनंद विहार बस अड्डे पर पहुंचे। वहां से मेरठ जाने वाली रोडवेज बस में बैठ गए। अमित के मुताबिक वह पहले एक बार परिजनों के साथ मवाना आया था। इसलिए उसको मवाना का रास्ता याद था। छात्रों से मिले रुपये के बारे में पुलिस ने पूछा तो अनमोल ने बताया कि उसने अपनी गुल्लक फोड़ी। जिसमें 100 रुपये निकले थे।
थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद के मुताबिक अमित की मां को फोन पर जानकारी दे दी गई है। बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में लगे थे।