मेरठ। तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग -58 पर देर रात तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खडे़ ट्रक में घुस गई। इससे कार सवार प्राइवेट कंपनी के इंजीनियर और साथी कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं, दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। इंजीनियर अपनी बर्थ डे पार्टी मनाकर दोस्तों को उनके घर छोड़ने जा रहा था।
गाजीपुर जिले के गांव बहादरपुर निवासी अखिलेश यादव (25) पुत्र रामनारायण नोएडा स्थित मोबाइल टावर लगाने वाली कंपनी में इंजीनियर था। वह मेरठ में कंपनी के टावर की देखरेख करता था और मोहिउद्दीनपुर में किराए के मकान में रहता था। पुलिस के अनुसार मंगलवार को अखिलेश का जन्मदिन था। उसने दिल्ली रोड स्थित एक होटल में दोस्तों के साथ बर्थ डे पार्टी की। वह पार्टी खत्म होने के बाद अपनी कार से दोस्तों को उनके घर छोड़ने जा रहा था। कार में आदित्य चौधरी (24) पुत्र महीपाल निवासी अधेड़ा परतापुर, मोनू निवासी पटना (बिहार) वर्तमान निवासी सुशांत सिटी और करोलबाग दिल्ली निवासी आशीष त्यागी थे। कार आदित्य चला रहा था।
मोनू को सुशांत सिटी, आदित्य को अधेड़ा छोड़ना था, जबकि आशीष को रात में अखिलेश के घर ठहरना था। पुलिस के अनुसार रात करीब एक बजे उनकी कार एनएच-58 पर दीवान इंस्टीट्यूट के सामने पहुंची। कार तेज रफ्तार होने की वजह से सड़क किनारे खडे़ ट्रक में घुस गई। इससे कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पढ़ें : हादसे में दंपति की मौत से परिवार में मचा कोहराम, देखिए तस्वीरें