लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार की शाम रंगीन हो गई। इंडियन से लेकर वेस्टर्न कल्चर की धूम मची। कालेज के नए ऑडिटोरियम में आयोजित फैशन शो में प्रतिभागियों ने धमाल मचा दिया। नए तरीके से डिजाइन की गई ड्रेस को पहने जब स्टूडेंट्स मंच पर आ तो उनकी खूबसूरती और बढ़ गई।
कॉलेज के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में फैशन शो का आयोजन किया। इसमें 57 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। साथी स्टूडेंट्स और चिकित्सकों ने प्रतिभागियों का जमकर उत्साह बढ़ाया। एक से बढ़कर एक ड्रेस देखकर दर्शक भी झूम उठे। फैशन शो में मॉडल कल्चर से लेकर परंपरागत ड्रेस को भी रैंप पर कैटवाक कर बड़े ही शानदार तरीके से पेश किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. केके गुप्ता, डॉ. भूपेंद्र चौधरी, डॉ. विशाल अग्रवाल, डॉ. विभु साहनी, डॉ. अजीत चौधरी, डॉ. सचिन मौजूद रहे।
स्नेहा और श्वेता रहीं आकर्षण का केंद्र
फैशन शो में मिसेज एशिया इंटरनेशनल स्वेता ओझा व मिस इंडिया ट्यूरिज्म स्नेहा जगीयसी ने अपनी अदाओं से चार चांद लगा दिए। उन्होंने फैशन शो के दौरान रैंप पर चलकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने निर्णायक की भूमिका भी बखूबी निभाई। स्वेता ओझा ने कहा कि हमें अपने अंदर के हुनर को सबके सामने लाना चाहिए। स्नेहा ने प्रतिभागियों को कई टिप्स भी दिए।
22 तक होंगे कार्यक्रम
मेडिकल कॉलेज इस साल अपने 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। 12 नवंबर से लेकर 22 नवंबर तक खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे कई आयोजन होने हैं। फैशन शो उसी कड़ी का हिस्सा है।