- गणतंत्र दिवस पर मार्च की तैयारी के लिए कई गांवों में संपर्क किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को भारतीय किसान यूनियन की ओर से जिले की सभी तहसीलों तक तिरंगा मार्च निकाला जाएगा। तहसील क्षेत्र के गांवों से ट्रैक्टर मार्च निकालकर किसान तहसील और शहर में शहीद स्मारक में पहुंचेंगे। शहीद स्मारक पर किसान शहीदों को नमन करेंगे और इसके बाद पंचायत कर किसानों की समस्याओं को उठाएंगे।
भाकियू की ओर से ट्रैक्टर तिरंगा मार्च को लेकर शनिवार को कंकरखेड़ा, जिटौली, मवाना, सरधना सहित अन्य क्षेत्रों में बैठक कर मार्च की तैयारी की गई। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि जिले के सभी गांवों से ट्रैक्टर तिरंगा मार्च निकाला जाएगा। सरधना, मवाना तहसील और शहर में शहीद स्मारक में पंचायत की जाएगी। हजारों की संख्या में ट्रैक्टर पर सवार होकर किसान यहां पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि किसानों की ओर से ज्ञापन भी अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इसके अलावा 21 दिसंबर को गन्ना भवन पर हुई पंचायत में उठाई गई मांग और अधिकारियों के द्वारा किए गए वादों के पूरा न होने पर भी किसानों की ओर से अनिश्चितकालीन धरने की तैयारी की जाएगी। शनिवार को जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कंकरखेड़ा में हुई बैठक में महासचिव नरेश मवाना, बबलू तालियान, अनूप यादव, मुनीश त्यागी, दीपक गुर्जर, विपिन, कपिल आदि मौजूद रहे।