मेरठ। फार्मर रजिस्ट्री न कराने वाले किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से हाथ धोना पड़ सकता है। जिले के 1.72 लाख किसानों में से अभी तक केवल 1.27 लाख किसानों ने ही फार्मर रजिस्ट्री कराई है। बाकी 45 हजार किसान अभी भी फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं।
सरकार ने किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी है। दो साल से अधिक समय से फार्म रजिस्ट्री बनाने का काम चल रहा है। जिले में 1.72 लाख पात्र किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। पंजीकरण सीधे सरकारी योजनाओं से जुड़ा है। सोमवार से 15 अप्रैल तक गांव-गांव विशेष शिविर लगाकर किसानों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री कराई जाएगी।
इस संबंध में उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए राजस्व और कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव जाएंगी। वह किसानों को पंजीकरण का महत्व बताएंगी और सहायता करेंगी। यदि किसान निर्धारित समय में पंजीकरण नहीं कराते हैं तो जुलाई माह में मिलने वाली पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पाएगा। किसानों को यह आखिरी मौका दिया जा रहा है।