पहले तौल कराने के लिए किसानों का हंगामा, पुलिस के पहुंचने पर हुए शांत
मवाना। नवीन आढ़त मंडी में गेहूं क्रय केंद्र पर पहले तौल कराने को लेकर किसानों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। तीन क्रय केंद्रों में से दो पर ही तौल हो रही है। एक क्रय केंद्र पर दो दिन से तौल बंद है।
सरकार द्वारा नवीन आढ़त मंडी में पीसीएफ, यूपीएसएस तथा खाद्य विभाग के क्रय केंद्र किसानों के गेहूं की खरीद के लिए स्थापित किए हुए हैं। बुधवार दोपहर पीसीएफ के गेहूं क्रय केंद्र पर तौल चल रही थी। गेहूं तुलवाने के लिए काफी किसान खडे़ थे। पहले तौल कराने को लेकर दो किसानों में विवाद हो गया तथा हंगामा होने लगा। कुछ किसानों ने क्रय केंद्र पर हंगामा होने की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तथा किसानों को शांत कराकर तौल चालू कराई।
क्रय केंद्र पर तैनात अकाउंटेंट गौरव कुमार का कहना है कि पहले तौल कराने को लेकर किसानों में आपस में विवाद हो गया था। जिसे लेकर वह हंगामा करने लगे थे। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत करा दिया था।
वहीं, दो दिन से यूपीएसएस क्रय केंद्र पर दो दिन से तौल बंद है। जिससे किसानों को भारी परेशानी हो रही है। क्रय केंद्र प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि लखनऊ से उनको बारदाना जारी तो कर दिया गया है, लेकिन उसका ऑनलाइन सत्यापन नहीं हुआ है। जिस कारण अपडेट नहीं हो सका। सोमवार दोपहर 278 क्विंटल गेहूं तौल होने के बाद ऑनलाइन बारदाना खत्म दर्शा दिया। जिस कारण तौल बंद है। ऑनलाइन सत्यापन होने के बाद तौल शुरू हो जाएगी।