खरखौदा के अतराडा बिजली घर पर अवर अभियंता से विरोध जताते किसान (
- अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया, तीन घंटे तक हंगामे के बाद मांगों पर सहमति जताई
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। क्षेत्र के गांव अतराडा, बवनपुरा, अजराड़ा व खासपुर के जंगल में नियम अनुरूप विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने पर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के नेतृत्व में किसानों ने अतराडा बिजली घर का घेराव किया। किसानों की मांग पर अवर अभियंता बिजली घर नहीं पहुंचे तो किसानों ने कार्यालय पर ताला जड़ दिया। किसानों ने अवर अभियंता पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया। तीन घंटे तक हंगामे के बाद अवर अभियंता ने किसानों की मांगों पर सहमति जताई।
भाकियू लोक शक्ति के जिला अध्यक्ष अजय त्यागी व उपाध्यक्ष संजय त्यागी के अनुसार क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है जिससे फसलों को जल्दी-जल्दी सिंचाई की आवश्यकता है। नियमानुसार सिंचाई के लिए किसानों को 10 घंटे विद्युत आपूर्ति देना तय है लेकिन अतराडा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात विद्युत कर्मी अपनी मनमानी के चलते केवल आठ घंटे ही आपूर्ति दे रहे हैं। आठ घंटे की आपूर्ति भी दो हिस्सों में दी जा रही है जिससे फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। वहीं बिना किसान की मर्जी के विभाग द्वारा नलकूपों के ट्रांसफार्मर पर फ्यूज बॉक्स लगाए जा रहे हैं। यदि किसान बिजली घर पर तैनात अवर अभियंता से फोन पर कोई शिकायत करते हैं तो अवर अभियंता अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। इसी को लेकर मंगलवार को सुबह 10 बजे अजय त्यागी के नेतृत्व में खासपुर, अतराडा व बवनपुरा गांव के किसान विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे।
किसानों ने अवर अभियंता को कॉल कर मौके पर बुलाने की मांग की तो अवर अभियंता ने आने से इन्कार कर दिया। आक्रोशित किसानों ने उपकेंद्र पर तैनात विद्युत कर्मियों को बाहर निकाल कर बिजली घर पर ताला जड़ दिया। अभियंता ने इस मामले की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी। कुछ समय बाद ही अभियंता व पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में किसानों ने बिजली घर का ताला खोल दिया।
अवर अभियंता ने कुछ समय के लिए फ्यूज बॉक्स न लगाने व विद्युत आपूर्ति 10 घंटे देने की मांग स्वीकार की। इस मौके पर नीरज त्यागी, दीनू त्यागी, दिनेश त्यागी अतराडा, अमित त्यागी अतराडा, रंजीत व सौरभ त्यागी खासपुर सहित कई लोग मौजूद रहे।