मवाना। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले सोमवार को सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में किसानों ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। जिसमें दो दिन में किसानों को ब्याज का ब्योरा लिखित रूप में उपलब्ध कराए जाने की चेतावनी दी।
संगठन के मंडल अध्यक्ष चौधरी रामबीर सिंह के नेतृत्व में किसानों ने वर्ष 1996-97 से 2025-26 तक के 14 दिन से अधिक विलंब से हुए गन्ना भुगतान के वर्षवार ब्याज का विवरण दिए जाने की मांग की। किसानों का कहना था कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार विलंबित भुगतान पर ब्याज का ब्योरा दिया जाना आवश्यक है। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पहुंचे डिप्टी भूपेश राय ने किसानों से वार्ता की और आश्वस्त किया कि 7 अक्तूबर को गन्ना समिति सचिव के आने पर किसानों को ब्याज का ब्योरा लिखित रूप में उपलब्ध करा दिया जाएगा। किसानों ने वार्ता के आधार पर दो दिन का समय देते हुए धरना स्थगित किया। जिला अध्यक्ष दिनेश प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते गन्ना समिति सचिव द्वारा ब्याज का ब्योरा नहीं दिया गया तो किसान दोबारा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर पवन त्यागी, भूपेंद्र सिंह, जीतू भाटी, कंवरपाल सिंह आदि किसान उपस्थित रहे।