- सीओ के कमिश्नरी में ड्यूटी पर होने की जानकारी पर थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
- कार्रवाई न होने पर एसएसपी कार्यालय पर आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। क्षेत्र में ट्यूबवेलों से ट्रांसफार्मर और विद्युत तार चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (किसान क्रांति) के कार्यकर्ताओं और किसानों ने सीओ कार्यालय पर धरना दिया। संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव के नेतृत्व में किसान सीओ को ज्ञापन देने पहुंचे थे। सीओ के कार्यालय में मौजूद नहीं मिलने पर किसानों ने नाराजगी जताते हुए धरना शुरू कर दिया।
किसानों के धरने की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि सीओ मेरठ कमिश्नरी में ड्यूटी पर होने के कारण कार्यालय में मौजूद नहीं हैं। थाना प्रभारी के जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया और जिलाध्यक्ष ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि अलीपुर, मछरी, चिरौड़ी, सुरानी और आसपास के क्षेत्रों में किसानों की ट्यूबवेलों से लगातार ट्रांसफार्मर और बिजली के तार चोरी हो रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। किसानों ने चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी, घटनाओं का जल्द खुलासा करने और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा कर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन किसानों के साथ एसएसपी मेरठ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगा।
इस दौरान ओमपाल चौधरी, शहरोज मलिक, गुड्डू खान, नजाकत खान, रिजवान मिर्जा, मुजाहिद खान, नीटू शर्मा, कामेश शर्मा, सतपाल शर्मा, मोनू तोमर, वीर सिंह भाटी, नफीस, मनोज पाल, सहदेव, आसिफ और अनुज शर्मा मौजूद रहे।