संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील क्षेत्र के अटेरना गांव निवासी किसान सत्यवीर सिंह का भूमि विवाद को लेकर सोमवार से तहसील परिसर में एसडीएम कार्यालय के बाहर शुरू किया गया धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
किसान सत्यवीर सिंह का आरोप है कि उसकी कृषि भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित भूमि को लेकर विवाद न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय द्वारा यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष जमीन पर कब्जे की कोशिश कर रहा है। धरने पर बैठे किसान का आरोप है कि मामले की शिकायत कई बार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता और भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान की शिकायत सुनी। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए राजस्व विभाग की टीम गठित कर दी गई है। टीम मौके पर पहुंचकर भूमि संबंधी अभिलेखों और वास्तविक स्थिति की जांच करेगी तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। एसडीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।