मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के आह्वान पर आज लखनऊ में किसानों की पंचायत होगी। पंचायत में शामिल हाेने के लिए बृहस्पतिवार देर शाम काफी संख्या में कार्यकर्ता और किसान मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन से नौचंदी ट्रेन में सवार होकर लखनऊ के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं ने आरक्षित बोगियों में भी यात्रियों की सीटों कब्जा कर लिया, जिससे रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को भी सीट नहीं मिल सकी। जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि संगठन हर वर्ष सितंबर के महीने में लखनऊ पंचायत कर किसानों के मुद्दे उठाने का काम करता है। इस बार भी संगठन लखनऊ में शुक्रवार यानि आज पंचायत करेगा। किसानों के गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल, बकाया भुगतान मय ब्याज मिले, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को फसल के नुकसान का मुआवजा मिले, स्मार्ट मीटर पर रोक लगाई जाए, मुजफ्फरनगर में एम्स अस्पताल की सुविधा दी जाए आदि मांगों को लेकर पंचायत की जाएगी। 35 सूत्रीय मांग पत्र सरकार को सौंपा जाएगा। लखनऊ जाने वाले में युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, जिला अध्यक्ष आकिल राणा, साजिद अल्वी, रज्जी खान, शुभम लांबा, इरशाद, अमित, इलियास, शुभम, अकबर आदि शामिल रहे।