शामली/गढ़ीपुख्ता। गांव भैंसवाल में किसानों ने थानाभवन शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र को उखाड़ दिया। इस दौरान किसानों ने हंगामा करते हुए थानाभवन मिल का गन्ना देने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अपना गन्ना शामली मिल को देंगे।
गांव भैंसवाल में थानाभवन शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र ए लगाया गया है। यह क्रय केंद्र दो साल पहले शामली चीनी मिल को आवंटित था, लेकिन पिछले साल यह क्रय केंद्र थानाभवन मिल को दे दिया गया था। इस वर्ष की एजीएम की बैठक में भैंसवाल गांव के किसानों ने अपना गन्ना क्रय केंद्र का प्रस्ताव शामली शुगर मिल के पक्ष में दिया था और थानाभवन शुगर मिल को गन्ना न देने की बात कही थी।
शुक्रवार को भैसवाल गांव के किसान बड़ी संख्या में थानाभवन मिल की तरफ से लगाए गए गन्ना क्रय केंद्र पर पहुंचे। किसानों ने हंगामा करते हुए क्रय केंद्र पर किसी भी हालत में तौल नहीं होने देने की चेतावनी दी। आक्रोशित किसानों ने क्रय केंद्र के तौल कांटे की प्लेट को ट्रैक्टर से उखाड़ दी। किसानोें ने मौके से ही केन कमिश्नर से फोन पर वार्ता कर अपनी मांग रखी।
इस दौरान किसानों ने कहा कि वे अपना गन्ना थानाभवन शुगर मिल को किसी भी कीमत पर नहीं देंगे। अगर इसके लिए आंदोलन भी करना पड़ेगा तो वे इसके लिए भी तैयार हैं। इस अवसर पर कृष्णपाल, कपिल, जसबीर, कुलदीप, विक्की, सुभाष, मनोज, अनुराग चौधरी, नीरज, राहुल, उद्यवीर, व्रजमोहन आदि मौजूद रहे।
थानाभवन मिल के गन्ना प्रबंधक लेखपाल सिंह ने कहा कि भैंसवाल में गन्ना क्रय केंद्र उनके मिल को आवंटित हुआ है। उनकी किसानों से वार्ता चल रही है। किसानों को थानाभवन मिल को गन्ना देने के लिए समझाया जाएगा।