आरटीओ कार्यालय में किसानों का हंगामा, वाहन चैकिंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
वाहन चैकिंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। ओवरलोडिंग वाहन, फिटनेस के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन तोमर के किसानों ने आरटीओ कार्यालय परिसर में डेरा डालते हुए हंगामा किया। किसानों ने अवैध वसूली बंद करने और पीटीओ की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की। किसानों ने लगभग चार घंटे तक धरना दिया। किसानों के धरना स्थल पर एआरटीओ, एसडीएम, सीओ पहुंचे और किसानों से वार्ता की।
भारतीय किसान यूनियन तोमर के जिला अध्यक्ष आकिल राणा, युवा जिलाध्यक्ष अभिषेक और इंतजार देशवाल ने कहा कि वाहन मालिकों को वाहनों की फिटनेस कराने के लिए प्राइवेट सेंटरों पर भटकना पड़ रहा है। पीटीओ ओवरलोडिंग वाहनों से अवैध वसूली कर रही हैं। जबकि कुछ गाड़ियों को रोका ही नहीं जा रहा है। पीटीओ ने वाहन चैकिंग के दौरान अपना रिश्तेदार साथ रखा हुआ है। जो अवैध वसूली करता है। अवैध वसूली करने की रिकॉर्डिंग हैं। जिसकी उच्च अधिकारियों द्वारा जांच की जानी चाहिए। किसानों ने मांग करते हुए कहा कि पीटीओ की संपत्ति की भी जांच होनी चाहिए। वह वाहन स्वामी और किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करती हैं। उन्होंने कहा कि आरटीओ कार्यालय में डीएल बनवाने, वाहन फिटनेस कराने के नाम पर कई गुना अधिक पैसा वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर वाहनों से अवैध वसूली बंद नहीं की गई तो फिर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। मंडल उपाध्यक्ष साजिद अलवी, अमित चौधरी, शुभम चौधरी, रजत चौधरी आदि मुख्य रहे।