अगर आज आपघर से बाहर कहीं काम पर जा रहे हैं तो या तो कार्यक्रम निरस्त कर दें या फिर हर हाल में अपने गंतव्य तक 11 बजे से पहले पहुंच जाएं।पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 11 बजे से तीन बजे तक किसानों का चक्का जाम रहेगा। भाकियू व राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने आज चक्का जाम का एलान किया है। केवल अंतिम यात्रा वाहन और एंबुलेंस को ही किसान निकलने देंगे। चक्का जाम में फंसने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। आगे विस्तार से जानें पश्चिमी यूपी के किन स्थानों पर भाकियू और किसान यूनियन का चक्का जाम रहेगा:-
केंद्र सरकार की ओर से पारित किए गए विधेयकों सहित अनेक समस्याओं को लेकर किसानों में उबाल है। किसान इन विधेयकों को वापस लेने या संशोधन करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार की ओर से अब तक इस ओर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। इसके विरोध में भाकियू ने बिजनौर जिले में 75 जगह पर चक्का जाम का एलान किया है। चक्का जाम के दौरान किसी को भी सड़क पार नहीं करने दी जाएगी। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने भी चक्का जाम करने का एलान किया है।
जनता भी करे किसानों का सहयोग
भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह का कहना है कि शुक्रवार को चक्का जाम रहेगा। किसानों का हित पहले है। जनता भी चक्का जाम के दौरान किसानों का सहयोग करे। ये लड़ाई सभी के लिए है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के वेस्ट यूपी महासचिव कैलाश लांबा का कहना है कि किसानों के हक की लड़ाई लड़ी जा रही है। अगर विधेयक लागू हो गए तो जनता को भी नुकसान उठाना होगा।
भाकियू का यहां रहेगा चक्का जाम
बिजनौर में मॉर्डन एरा स्कूल चौराहा, नगीना कोतवाली रोड पर बान नदी के पुल पर, नगीना धामपुर रोड पर गांव पुरैनी में, कोतवाली नजीबाबाद रोड पर गांव अकबराबाद में, बुंदकी चीनी मिल पर, अफजलगढ़ चीनी मिल के सामने, धामपुर में आरएसएम व नेट चौराहे पर, नहटौर में धामपुर-नूरपुर चौराहे पर, नजीबाबाद में मोटा महादेव मंदिर के सामने, मंडावर में पीतम सिंह द्वार के सामने, किरतपुर में बिजलीघर के पास, बिजनौर में नूरपुर रोड पर गोल बाग के पास,बिलाई मिल के सामने, अम्हैड़ा तिराहे व गंज में।
यहां है राष्ट्रीय किसान यूनियन का चक्का जाम
बैराज रोड व सेंट मेरी चौराहे पर, हल्दौर में बालकिशनपुर चौराहे पर, पैजनियां चौराहा, नूरपुर में तमरौला चौराहा, बिलाई मिल पर, नहटौर चौकी चौराहा, चंदक में दौलतपुर चौराहा, अकबराबाद में धामपुर चौराहा, स्योहारा में ठाकुरद्वारा रोड पर, बुढ़नपुर में नहर के पुल पर, अफजलगढ़ में सुआंवाला गांव के सामने, नजीबाबाद में नहर के पास, चांदपुर में चौधरी चरण सिंह चौक, जलीलपुर में फैक्ट्री के सामने, गाजीपुर कुम्हैड़ा भट्टे पर, गांव खासपुरा के सामने, कोतवाली चौराहा, शादीपुर बिजलीघर के सामने।
आजाद किसान यूनियन
-बिजनौर में गांव आदोपुर के सामने।