दौराला - मृतक किसान निशांत का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
फसलों की सिंचाई करने खेत पर गया था संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। कसबा दौराला निवासी किसान निशांत (28) का शव बृहस्पतिवार सुबह खेत में पड़ा मिला। सूचना पर परिजनों में मातम पसर गया। वह किसान बुधवार रात खेत पर सिंचाई करने गया था, लेकिन सुबह तक घर नहीं लौटा था।
परिजनों के मुताबिक, निशांत बुधवार रात फसल की सिंचाई के लिए खेत पर गया था। सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन खेत पर पहुंचे, जहां उसका शव पड़ा मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों संजीव और रवि ने बताया कि आशंका है कि सिंचाई के दौरान निशांत का पैर फिसल गया और वह पानी से भरे खेत में गिर गया होगा। बेहोशी की हालत में पानी मुंह में भरने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की मां हेमलता, पत्नी और छोटे भाई विक्रांत का रो-रोकर बुरा हाल है। निशांत की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी दो साल की एक बेटी है। छह माह पहले उसके पिता सुबोध का भी बीमारी के चलते निधन हो गया था। जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी निशांत पर थी। वहीं, ग्रामीणों ने घटना के लिए विद्युत आपूर्ति के रात्रिकालीन शेड्यूल को जिम्मेदार ठहराते हुए नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि खेतों की बिजली दिन में दी जाती तो आसपास के किसान समय रहते निशांत को देख लेते और संभवतः उसकी जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति का समय बदलकर सुबह पांच बजे से करने की मांग की है। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम से इंकार किए जाने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव सौंप दिया गया।
-