संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के रतौली गांव में खेत पर काम कर रहे एक किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने किसान के साथ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी शंकर कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रविवार शाम अपने खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के तीन युवक वहां पहुंचे और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास खेतों में मौजूद अन्य किसान मौके पर पहुंचे। लोगों को आते देख आरोपी वहां से चले गए। घायल किसान को उपचार दिलाने के बाद परिजन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।