एसडीएम ने दस्तावेज सहित बुलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव भुम्मा नंगली के किसान मोहन गिरी ने उपजिलाधिकारी को पत्र देकर आरोप है कि उसके खेत में अवैध रूप से खूंटियां गाड़कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, जिससे परेशान होकर वह अब गांव से पलायन करने को मजबूर है।
किसान मोहनगिरि ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा गत 23 जून 2026 को पंचायत की मौजूदगी में उनके खेत की पैमाइश की गई थी। इस पैमाइश में उनकी कुल जमीन में से 1778 वर्ग मीटर जमीन कम पाई गई। पैमाइश की यह रिपोर्ट आगामी कार्रवाई के लिए 30 जून 2026 को एसडीएम कोर्ट में भी पहुंच चुकी है, लेकिन अभी तक इस पर कोई अंतिम आदेश पारित नहीं किया गया है।
किसान का आरोप है कि 28 फरवरी 2026 को उनके खिलाफ एक एक पक्षीय आदेश जारी हुआ था, जिसकी आड़ में विपक्षी ताकतों द्वारा उनके खेत में अवैध रूप से खूंटियां गाड़ दी गई। इस विवाद के चलते उनकी गेहूं की तैयार फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई और वे अपनी अगली फसल की बुवाई भी नहीं कर पाए हैं। शासन की ढील के कारण अब मेरे पास गांव से पलायन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने मोहन गिरी से जमीन से संबंधित कागजात लेकर सोमवार को आने के लिए कहा है।