संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव सिखेड़ा निवासी किसान तिमेश्वर त्यागी से एसडीएम कार्यालय का राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) का फर्जी परिचय देकर 30 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने की शिकायत पीड़ित एसडीएम से की है।
सिखेड़ा गांव निवासी तिमेश्वर कुमार त्यागी ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने एसडीएम न्यायालय में धारा 24 के अंतर्गत भूमि पैमाइश का एक वाद दाखिल कर रखा है। शनिवार को उनके मोबाइल पर दो अज्ञात नंबरों से कॉल आई। एक व्यक्ति ने खुद को एसडीएम कार्यालय से बताकर उनसे ऑनलाइन क्यू आर कोड के माध्यम से अपने खाते में धनराशि ट्रांसफर करवा ली। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने स्वयं को कानूनगो बताते हुए कहा कि वह टीम के साथ सोमवार को भूमि की पैमाइश और पिलर लगाने पहुंचेगा। आरोपियों ने नोटिस जारी करने के नाम पर और रुपये न देने पर काम अटकाए रखने की धमकी दी। झांसे में आकर पीड़ित किसान ने उनको 30,000 रुपये का भुगतान कर दिया।
ठगी का एहसास तब हुआ जब उसने अपने अधिवक्ता से संपर्क किया। पड़ताल करने पर पता चला कि एसडीएम कार्यालय से कोई कॉल नहीं की गई थी और न ही किसी कानूनगो को पैमाइश के लिए भेजा जा रहा था। पीड़ित किसान ने एसडीएम से मामले की जांच कराने और अन्य किसानों को इस तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के लिए जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
एसडीएम संतोष कुमार सिंह का कहना है कि उनको कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।