लूट की जानकारी देता किसान स्रोत संवाद
- मेरठ-बिजनौर मार्ग पर एक फार्म हाउस के समीप की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। मेरठ-बिजनौर मार्ग पर स्थित एक फार्म हाउस के समीप शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने खेत पर जा रहे किसान को तमंचे के बल पर आतंकित कर नकदी और मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश किसान की बाइक की चाबी भी साथ ले गए। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
गांव भंडौरा निवासी किसान सिंगराम के अनुसार वह शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे गणेशपुर से मवाना जाने वाले मार्ग पर एक मंडप के पास स्थित चकरोड से बाइक द्वारा अपने खेत में जा रहे थे। रास्ते में पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। बदमाशों ने पीछा करते हुए कुछ देर बाद आगे निकलकर उनकी बाइक रुकवा ली और हाथापाई शुरू कर दी। किसान ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचा निकालकर उनकी कनपटी पर लगा दिया। इससे वह घबरा गए। बदमाशों ने उनकी जेब में रखे पर्स से 1600 रुपये निकाल लिए और मोबाइल फोन भी छीन लिया। जाते समय आरोपी उनकी बाइक की चाबी भी निकालकर ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित किसान किसी तरह मुख्य मार्ग तक पहुंचे और राहगीर के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।